
भाजयुमो प्रदेश पदाधिकारियों का भव्य स्वागत, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल बोले – “युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति”
देहरादून, 26 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून के अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आज भाजपा महानगर कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली, प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत एवं दीप कोश्यारी (दीपेंद्र) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूरा कार्यालय परिसर भगवा पताकाओं, पुष्पमालाओं और स्वागत बैनरों से सुसज्जित था।
अपने संबोधन में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि “युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ है। जब युवा शक्ति जाग्रत होती है, तो समाज और संगठन दोनों नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करते हैं।” उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं में राष्ट्र निर्माण की नई चेतना जागी है। भाजयुमो उसी ऊर्जा, संकल्प और सेवा भावना का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है — जो सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के सिद्धांतों पर आधारित है। अग्रवाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के अग्रदूत बनें।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और शॉल ओढ़ाकर किया। कार्यक्रम में विधायक खजान दास, दर्जाधारी राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल, महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ढिल्लों, सुनील शर्मा, संकेत नौटियाल, जगदीश सेमवाल, ओम कक्कड़, अक्षत जैन, राजेश बडोनी, हरीश डोरा, आशीष नागरथ, समीर ढोबले, विनोद शर्मा, मोतीराम, संदीप बिजवान समेत अनेक युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर “भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद”, “युवा शक्ति – देश की शक्ति” और “मोदी है तो मुमकिन है” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा।



